बलियापुर : बलियापुर प्रखंड के मुकुंदा पंचायत में सांसद ढुल्लू महतो के पहुंचने पर रैयतों और प्रभावित ग्रामीणों ने बीसीसीएल के प्रस्तावित करीब 125 एकड़ जमीन अधिग्रहण और ओबी डंप को लेकर अपनी समस्याएं सामने रखीं। ग्रामीणों ने पूर्व में अधिग्रहित जमीन के कई रैयतों को अब तक नौकरी और मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा उठाया।
ग्रामीणों ने मांग की कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और रोजगार दिया जाए। इसके साथ ही मुफ्त बिजली, जमीन की रसीद से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाने और बचे हुए प्लॉटों को भी प्रस्तावित अधिग्रहण में शामिल करने की मांग रखी गई।
ग्रामीणों ने स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामथान और श्मशान घाट के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग भी की। प्रभावित परिवारों के लिए एमडीओ कंपनी में 75 प्रतिशत रोजगार और प्रस्तावित नए कोयला डंप में स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा सेंट्रल हॉस्पिटल में मुफ्त इलाज के लिए मेडिकल कार्ड उपलब्ध कराने, तालाबों की खुदाई, जोरिया के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और दोबारा आरएंडआर सर्वे कराने की मांग भी ग्रामीणों ने सांसद के सामने रखी।
ओबी डंप से बढ़ते प्रदूषण को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। उन्होंने डीजीएमएस के निर्धारित नियमों के तहत डंपिंग कराने की मांग की, ताकि आसपास रहने वाले लोगों पर प्रदूषण का असर कम हो।
सांसद ढुल्लू महतो ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित मामलों में आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। अब ग्रामीणों को सांसद के आश्वासन के बाद इन मांगों पर आगे होने वाली कार्रवाई का इंतजार है।
















