धनबाद: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार को धनबाद के बरवाअड्डा हवाईअड्डा पहुंचे। उनके आगमन पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
राज्यपाल यहां से सड़क मार्ग से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
डीसी और एसएसपी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, कोयला प्रक्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे समेत कई अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया।
सुरक्षा के लिए किए गए विशेष इंतजाम
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए थे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे से बीबीएमकेयू परिसर तक पूरे मार्ग पर पुलिसकर्मियों, यातायात पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत एंटी-सबोटाज जांच, स्निफर डॉग स्क्वॉड, डीएफएमडी, एचएचएमडी और बैगेज स्कैनर की व्यवस्था की गई। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन दस्ता भी तैनात रखा गया।
संपूर्ण सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अरविन्द कुमार ओझा और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के वरीय प्रभार में रही।
प्रशासन के कई अधिकारी रहे उपस्थित
राज्यपाल के आगमन के दौरान प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, एनडीसी दीपक कुमार दुबे सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
















