रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले स्थित अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचकर अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन की स्मृति में पारंपरिक सामाजिक एवं धार्मिक रस्म निभाईं। इस दौरान उन्होंने परिजनों और सगे-संबंधियों के साथ मिलकर स्थानीय जनजातीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार दिवंगत माता के निमित्त भोजन अर्पित करने का अनुष्ठान पूरा किया।
पारंपरिक रीति-रिवाजों से दी श्रद्धांजलि
नेमरा स्थित पैतृक आवास पर आयोजित इस पारिवारिक अनुष्ठान में संथाली संस्कृति और सामाजिक परंपराओं का पूरी निष्ठा से पालन किया गया। मुख्यमंत्री ने परिजनों संग अपनी स्वर्गीय मां को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
गांव में शोक और संवेदना का माहौल
इस भावुक अवसर पर सोरेन परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
















