झरिया (धनबाद)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दामोदर नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंगलवार सुबह से ही मोहलबनी, सुदामडीह और लाल बंगला घाट पर महिला, पुरुष और बुजुर्ग पवित्र स्नान के लिए पहुंचने लगे।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, दान-पुण्य और दीपदान किया। लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और देश की खुशहाली की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर नदी स्नान और दान का विशेष महत्व है। इसी आस्था के साथ दिनभर घाटों पर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
















