धनबाद: बैंक मोड़ स्थित नगर निगम परिसर में नया बाजार सार्वजनिन दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष भी दुर्गोत्सव की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। शारदीय नवरात्र के अवसर पर इस बार पूजा पंडाल को ‘पुराने महादेव मंदिर’ का आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
तीन दिनों तक आयोजित होगा विशाल भंडारा
समिति के सचिव राजेश्वर सिंह यादव ने बताया कि नया बाजार दुर्गा पूजा समिति को पूर्व में जिला स्तर पर श्रेष्ठ दुर्गा पूजा प्रतियोगिता, उत्कृष्ट प्रतिमा और आकर्षक लाइटिंग के लिए सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि पूजा के दौरान प्रशासनिक गाइडलाइंस का पूरा पालन किया जाएगा और सुरक्षा के लिए समिति के वालंटियर्स मुस्तैद रहेंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए लगातार तीन दिनों तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मेयर और नगर आयुक्त करेंगे उद्घाटन
शुक्रवार (षष्ठी तिथि) को धनबाद के मेयर संजीव सिंह और नगर आयुक्त आशीष गंगवार दीप प्रज्वलित कर पूजा पंडाल का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। समिति के अध्यक्ष रामकुमार अग्रवाल और सचिव राजेश्वर सिंह यादव ने शहरवासियों से सपरिवार पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन-पूजन करने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
















