रांची: झारखंड पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मुख्यालय के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। एसोसिएशन ने पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा को पद से हटाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू और महामंत्री संजीव कुमार ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मुख्य सचिव और गृह सचिव को पत्र की प्रतियां भेजी हैं। संगठन ने पुलिसकर्मियों की पदोन्नति, तबादले, स्वास्थ्य संबंधी सहायता और लंबित भत्तों की समस्याओं के समाधान की मांग की है।
एसोसिएशन का दावा है कि जून 2025 से जुलाई 2026 के बीच समस्याओं को लेकर पुलिस मुख्यालय को 11 पत्र भेजे गए, लेकिन कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि हृदय, किडनी और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे करीब 500 पुलिसकर्मियों के तबादले और सहायता से संबंधित आवेदन लंबित हैं। संगठन ने शिकायत निवारण कोषांग की नियमित बैठकें नहीं होने पर भी नाराजगी जताई है।
फिलहाल, एसोसिएशन की मांगों पर पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।
















