सिंदरी, धनबाद: डोमगढ़ स्थित शिव मंदिर रोड में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ सोमवार, 26 अक्टूबर को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। दामोदर छठ घाट से निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कलश यात्रा दामोदर नदी से जल भरकर डोमगढ़ के विभिन्न मार्गों और शिव मंदिर पथ से गुजरी। इसमें सिंदरी शाहपुरा, रोहराबांध, रांगामाटी, सिंदरी बस्ती, गौशाला बाजार, कांड्रा, चासनाला, मोहन बाजार और झरिया समेत आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल हुए।
आचार्य वैद्यनाथ मिश्रा और पं. मुकेश पुरोहित के सानिध्य में सात वैदिक विद्वान अनुष्ठान संपन्न करा रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार, मंगलवार, 27 अक्टूबर से पंचांग एवं वेदी पूजन के साथ कथा शुरू होगी। कथा व्यास पं. गौरांगी गौरी जी प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से कथा वाचन करेंगी।
आयोजन 2 नवंबर तक चलेगा। इसी दिन पूर्णाहुति होगी, जबकि 3 नवंबर को दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
















