गोमो: रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सोमवार को आजाद नगर स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल में आरपीएफ गोमो और फिट ओ लाइफ की संयुक्त पहल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को सुरक्षित रेल यात्रा के महत्वपूर्ण नियम बताए गए।
कार्यक्रम में बच्चों को रेलवे पटरी पर नहीं चलने और लाइन पार करने के लिए निर्धारित सुरक्षित रास्तों का उपयोग करने की जानकारी दी गई। साथ ही, रेल यात्रा के दौरान सहायता या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 के बारे में बताया गया।
महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े रेलवे के ‘मेरी सहेली’ अभियान की जानकारी भी दी गई। बच्चों से रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
इस मौके पर सब-इंस्पेक्टर साकिब, सुनील यादव, मनीष, नीरज, फिट ओ लाइफ के संस्थापक रवि कुमार वर्णवाल, विद्यालय के प्रिंसिपल सुजीत चक्रवर्ती समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
















