कतरास, धनबाद: श्यामडीह चौक स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर में कथित अवैध गर्भपात के दौरान किरण कुमारी नामक महिला की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला चार माह की गर्भवती थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कथित गर्भपात के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे संजीवनी क्लिनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता राजेंद्र केवट की लिखित शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति सोनू कुमार केवट और सेंटर संचालक सचिन कुमार केवट उर्फ पवन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, विशेष मेडिकल टीम की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच में सेंटर की वैधता, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। महिला की मौत के वास्तविक कारणों और संबंधित लोगों की भूमिका की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
















