डुमरी, गिरिडीह: डुमरी विधायक डॉ. जयराम कुमार महतो कुलगो स्थित ग्रामीण जनता उच्च विद्यालय के शिक्षकों को पिछले करीब 15 महीनों से अपने निजी वेतन से मानदेय दे रहे हैं। उनकी इस पहल से विद्यालय का संचालन जारी है और करीब 140 बच्चों को पढ़ाई का अवसर मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2000 में स्थानीय ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से इस विद्यालय की शुरुआत की थी। आसपास सरकारी स्कूल की दूरी अधिक होने के कारण इसका उद्देश्य गांव के बच्चों को नजदीक में शिक्षा उपलब्ध कराना था। हालांकि, समय के साथ आर्थिक परेशानियां बढ़ीं और कोरोना काल में विद्यालय बंद हो गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई।
इसके बाद डॉ. जयराम महतो ने विद्यालय को दोबारा शुरू कराने में सहयोग किया। विधायक बनने के बाद उन्होंने शिक्षकों के मानदेय की जिम्मेदारी अपने निजी वेतन से उठानी शुरू की। इस सहयोग से स्कूल का संचालन जारी है और ग्रामीण बच्चों की पढ़ाई बाधित होने से बच रही है।
















