धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के भंडारीडीह में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। किराये के मकान में 21 वर्षीय मोहम्मद गुलाम मृत अवस्था में मिले, जबकि उनकी 20 वर्षीय पत्नी अष्टमी कुमारी और पांच-छह महीने की बच्ची बेहोश मिलीं। प्रारंभिक आशंका है कि बंद कमरे में कोयले के चूल्हे से निकली जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे पत्नी की नानी रेखा देवी ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची कतरास पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर तीनों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद गुलाम को मृत घोषित कर दिया। पत्नी और बच्ची का इलाज जारी है।
बताया गया कि परिवार रात में भोजन करने के बाद कमरे में सो गया था। कमरे में कोयले का चूल्हा जल रहा था। प्रारंभिक जांच में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया है।
















