गुवाहाटी: असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह शियालदह-सैरांग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन का इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे (NFR) के अनुसार, ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन संख्या 13125 को दिगारू स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान इंजन समेत पांच कोच पटरी से उतर गए।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बहाली का काम शुरू कर दिया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था भी की गई है।
उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।
















