कतरास (धनबाद): स्वास्तिक सिनेमा रोड स्थित काली मंदिर के पास दिनेश भगत की हार्डवेयर दुकान में रात करीब 8:30 बजे आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस घटना में दुकान में रखा 50 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर नष्ट होने का अनुमान है।
दुकानदार दिनेश भगत के मुताबिक, दुकान बंद कर घर पहुंचने के बाद उन्हें आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, आग काफी फैल चुकी थी और दुकान का सामान जल गया था।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल वाहन रात करीब 10:15 बजे घटनास्थल पर पहुंचा। दमकल की गाड़ी देर से पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। कतरास में अग्निशमन केंद्र नहीं होने के कारण आपात स्थिति में परेशानी होने की बात भी उठाई गई।
घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे थे।
स्थानीय व्यापारियों डॉ. उमाशंकर सिंह, बलविंदर सिंह उर्फ राजू भाई और सुरेश केडिया ने प्रशासन एवं सरकार से कतरास में अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान समय पर राहत पहुंचाई जा सके।
















