धनबाद: भेलाटांड स्थित शिवम हॉस्पिटल में चार वर्षीय बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि करीब 24 घंटे तक डॉक्टर बच्ची को देखने नहीं पहुंचे।
विवाद बढ़ने पर पुलिस और स्थानीय नेता मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को 4 लाख रुपये का चेक दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया और कुछ कमियां मिलने की बात कही है। टीम ने जांच रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंपने की बात कही है।
बच्ची की मौत और इलाज में लापरवाही के आरोपों को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। फिलहाल, मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।
















