बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में ठेका मजदूरों की छंटनी और ठेकेदारों पर कट-मनी वसूली के आरोपों को लेकर विवाद बढ़ गया है। मजदूर संघ ने इस मामले में विरोध जताते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
संघ के महामंत्री राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि अनुभवी और वर्षों से काम कर रहे मजदूरों को हटाकर कथित तौर पर पैसे देने वालों को काम पर रखा जा रहा है। उनका दावा है कि प्लांट में मैनपावर की कमी और उत्पादन के दबाव के बावजूद लगभग 80 प्रतिशत विस्थापित मजदूरों को हटाने की तैयारी है।
संघ ने आशंका जताई कि मजदूरों की संख्या घटने से बचे हुए कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ेगा और औद्योगिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। ठेका श्रम अधिनियम, 1970 का हवाला देते हुए संघ ने सेल और बोकारो प्रबंधन को भी जिम्मेदार ठहराया।
मजदूर संघ ने छंटनी का आदेश वापस लेने, कट-मनी मांगने के आरोपों की जांच कर संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई करने और चयन प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर श्रम मंत्रालय और अदालत का रुख करने के साथ प्लांट में आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
















