रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हैं। शहर के विभिन्न जलस्रोतों और तालाबों की साफ-सफाई के साथ घाटों को व्यवस्थित करने का काम अंतिम चरण में है। ऐतिहासिक बड़ा तालाब में भी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
बड़ा तालाब में नाव के सहारे कचरे की सफाई की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तालाब में बैरिकेडिंग की गई है। बांस के जरिए पानी की गहराई और सुरक्षित सीमा को चिह्नित किया जा रहा है, ताकि कोई श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी में न जाए।
छठ के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी। जिला प्रशासन लगातार घाटों का निरीक्षण कर रहा है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और पहुंच मार्गों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
















