कोलकाता: कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया समूह की विस्तारा फ्लाइट में बुधवार को बम से उड़ाने और हाईजैक करने की धमकी मिलने से एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। उस समय विमान में 105 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, विमान के बाथरूम में लगे शीशे पर चालक दल के सदस्यों को धमकी भरा संदेश मिला। इसमें विमान को हाईजैक करने और बम से उड़ाने की बात लिखी थी।
इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर सभी 105 यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर एयरपोर्ट टर्मिनल पहुंचाया गया। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन जांच शुरू कर दी।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
















