पूर्वी टुंडी। धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीएफओ विकास पालीवाल और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने गुरुवार को क्षेत्र का दौरा कर विकास योजनाओं और जन-सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जंगली हाथियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग की ओर से हाथी प्रभावित 9 पंचायतों के ग्रामीणों के बीच टॉर्च और मशाल वितरित किए गए। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को रात के समय हाथियों से अपनी जान-माल, फसल और मकानों की सुरक्षा में मदद करना है।
इसके बाद अधिकारियों और विधायक ने रेफरल अस्पताल का निरीक्षण किया। वहीं, बंदरचुआं में प्रस्तावित विद्युत सब-स्टेशन के लिए चिन्हित जमीन का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जमीन से जुड़े विवाद की स्थिति की समीक्षा कर निर्माण कार्य में तेजी लाने पर चर्चा की।
दौरे के दौरान अधिकारी और विधायक पूर्वी टुंडी स्थित अनाथ आश्रम भी पहुंचे। यहां बच्चों से बातचीत की गई और उनके बीच फल वितरित किए गए। इस दौरान सभी ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया।
मौके पर अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल, बीडीओ विशाल कुमार पाण्डेय, थाना प्रभारी नीतीश कुमार सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















