रांची : राजधानी रांची में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित ओटीसी मैदान के पास मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जमीन कारोबारी भार्गव सिंह पर उस वक्त हमला किया गया, जब वे स्थानीय मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल भार्गव सिंह को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक बैंक कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन से जुड़ा माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए Sanjay Seth भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।














