बोकारो: बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में टेस्ट ड्राइव के दौरान एक नई कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित फुटपाथी होटल में जा घुसी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से पास में खड़ी एक बाइक भी जल गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पानी डालकर आग पर काबू पाया। राहत की बात है कि हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि कार नेक्सा शोरूम से ग्राहक को टेस्ट ड्राइव के लिए निकली थी। फिलहाल कार के अनियंत्रित होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
















