बगोदर: बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित मंढला के पास गुरुवार को कोयला लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। उसे गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक बगोदर से डुमरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान मंढला के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे जीटी रोड की एक लेन पर यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर बगोदर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराने के साथ दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई में जुट गई।
















