जामताड़ा: पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि शीघ्र आवंटित करने की मांग उठाई गई है। 26 नवंबर को जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष देवीशरण हांसदा के नेतृत्व में जिले के दर्जनों मुखिया रांची पहुंचे और विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी भी मौजूद रहे।
मुखिया संघ ने मुख्यमंत्री को बताया कि वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण पंचायतों में कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। राशि उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में परेशानी हो रही है।
संघ ने मांग की कि पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि जल्द पंचायतों को आवंटित की जाए, ताकि लंबित योजनाओं को पूरा करने के साथ नए विकास कार्य भी शुरू किए जा सकें।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को सुना और आवश्यक पहल का सकारात्मक आश्वासन दिया। मुखिया संघ ने उम्मीद जताई कि जल्द पंचायतों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
ये मुखिया रहे मौजूद: सरोज हेमब्रम, स्टेनशीला हेमब्रम, सुखेंद्र टुडू, मिरुदी सोरेन, रानी पावरिया, शिवधन मुर्मू, मनोरंजन मरांडी, माखोनी हेमब्रम, जोसफ मुर्मू और रविंद्र मरांडी सहित जिले के दर्जनों मुखिया उपस्थित रहे।
















