एग्यारकुंड (निरसा): गोपीनाथपुर मोड़ से मैथन संजय चौक तक राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर स्थिति, जलजमाव और क्षेत्र में कथित अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ कांग्रेस ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने BDO को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में गोपीनाथपुर मोड़ और खुदिया फाटक के पास सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने और बालू व छाई के जमाव को हटाने की मांग की गई। इसके अलावा मुगमा बैंक ऑफ इंडिया से निरामया अस्पताल तक सड़क मरम्मत और नाली निर्माण कराने का आग्रह किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कालीमाता कॉलोनी और मुगमा पुल मुख्य मार्ग की मरम्मत, डिनोबली स्कूल के पास अधूरे सड़क निर्माण को पूरा करने तथा संजय चौक पर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग भी रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में अवैध लॉटरी के कारोबार पर रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शशि भूषण तिवारी ने कहा कि जल्द समाधान नहीं होने पर कांग्रेस ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन करेगी।
















