राजगंज: दलूडीह स्थित बड्स गार्डेन स्कूल में मातृ-पितृ आदर उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 1200 छात्र-छात्राओं और 2000 अभिभावकों ने हिस्सा लिया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी अभिभावकों का स्वागत और सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गायत्री परिवार से आए बिरजू भैया के मंत्रोच्चारण के बीच अपने माता-पिता का पूजन किया। बच्चों ने तिलक लगाया, मौली धागा बांधा, अक्षत और पुष्प अर्पित किए तथा आरती उतारकर माता-पिता के चरण स्पर्श किए और आशीर्वाद लिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को उपहार भी दिए गए।
मुस्लिम समुदाय के विद्यार्थियों के लिए धार्मिक गुरु मोहम्मद हाफिज खुर्शीद के मार्गदर्शन में विशेष सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन बच्चों ने अपने माता-पिता को गले लगाकर और गुलदस्ता भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।
इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया और चेयरमैन ए.के. पाल ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए आभार जताया। विद्यालय की सांस्कृतिक टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने हस्तकला, चित्रकारी, गीत-संगीत और नृत्य-नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई।
अभिभावक गोपाल सिंह सहित कई लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में माता-पिता के प्रति आदर और सम्मान की भावना विकसित होती है। विद्यालय की निदेशिका गौरी चौरसिया ने कार्यक्रम की सफलता पर शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रशासनिक सदस्यों की सराहना की। विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
















