धनबाद/हजारीबाग : धनबाद के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित बुदौरा कॉलोनी से गया (बिहार) जा रहे एक ही परिवार के छह सदस्यों की हजारीबाग के चौपारण में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे हुई, जब तेज रफ्तार वाहनों की जोरदार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान बीसीसीएल कर्मी शिव कुमार भुइयां (45), उनकी पत्नी रूबी देवी (38), बड़ी पुत्री सोनी कुमारी (12), छोटी पुत्री सुहानी (9), शिव कुमार के ससुर और साले के 7 वर्षीय पुत्र प्रेम के रूप में हुई है। एक ही परिवार के छह लोगों की एक साथ मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
हादसे के बाद सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना से जुड़ी तस्वीरें और हालात इतने भयावह थे कि देखने वालों की आंखें नम हो गईं।
यह हादसा सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गहरा आघात बन गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम पसरा हुआ है।
🙏 ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।
ये भी पढ़ें:-Giridih फूड प्वाइजनिंग के बाद एक्शन, कल्पना मुर्मू सोरेन ने लिया जायजा














