झरिया : झरिया थाना क्षेत्र के इंदिरा चौक (फीडर नंबर-1) के पास मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। आरएमयू (RMU) बदलने के दौरान बिजली विभाग का कर्मचारी पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना करीब शाम 4:30 बजे की बताई जा रही है, जब मेंटेनेंस कार्य चल रहा था। इस दौरान कर्मचारी श्याम सुंदर विश्वकर्मा और जीतन बाउरी पोल पर चढ़कर 11 केवी लाइन में कनेक्शन जोड़ रहे थे। तभी अचानक श्याम सुंदर का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े।
घायल कर्मचारी को स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से तुरंत धनबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।
हादसे को लेकर अलग-अलग दावे
- कुछ लोगों का कहना है कि करंट लगने से गिरावट हुई
- वहीं कुछ का मानना है कि तेज गर्मी और चक्कर कारण हो सकता है
- दूसरा कर्मचारी सुरक्षित है, जिससे करंट वाली आशंका पर भी सवाल उठ रहे हैं
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पूछा है कि क्या कर्मचारियों को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं।
वहीं विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष अर्जुन विश्वकर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि घायल कर्मचारी के इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो समाज आंदोलन करने को बाध्य होगा।
जांच जारी
फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। घटना की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़ें:-Baliapur सड़क निर्माण का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता पर विधायक सख्त
















