धनबाद:
Railway Protection Force ने Ganga Damodar Express के एसी कोच में बने एक गुप्त बंकर का खुलासा करते हुए विदेशी बियर की तीन पेटियां बरामद की हैं। यह बंकर कोच के शौचालय की छत में बनाया गया था, जिसका इस्तेमाल शराब तस्करी के लिए किया जा रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में आरपीएफ को यह बड़ी सफलता मिली। जांच में सामने आया है कि तस्करी का नेटवर्क पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। कुल्टी, सीतारामपुर, बलिया, बनारस, धनबाद और हजारीबाग जैसे स्टेशनों से शराब की खेप ट्रेनों में चढ़ाई जाती थी, जिसका अंतिम गंतव्य बिहार होता था।
आरपीएफ ने रेलवे चार्ट और विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें पता चला कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था और ट्रेन की आवाजाही व चेकिंग की जानकारी पहले से जुटा लेता था।
अधिकारियों को आशंका है कि ट्रेन जब यार्ड में सफाई और मेंटेनेंस के लिए जाती थी, उसी दौरान एसी कोच के टॉयलेट में बने इस सीक्रेट बंकर का इस्तेमाल किया जाता था। स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क भी तस्करों की मदद कर रहा था।
मामले के खुलासे के बाद धनबाद आरपीएफ ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। फिलहाल किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
















