पूर्वी टुंडी : धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी अंचल क्षेत्र के उकमा पंचायत स्थित कोरैया गांव में सर्पदंश से दो मासूम सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कोरैया गांव निवासी श्यामलाल सोरेन तमिलनाडु में दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। बताया गया कि रात में जमीन पर सो रहे दोनों बच्चों को जहरीले सांप ने डस लिया। इलाज की व्यवस्था होने से पहले ही दोनों मासूमों की मौत हो गई।
घटना के बाद मां सिथौली सोरेन और दादा मथन सोरेन का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही Mathura Prasad Mahato अपनी टीम के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और उनकी दयनीय स्थिति को देखते हुए निजी स्तर पर आर्थिक सहायता प्रदान की।
विधायक ने भरोसा दिलाया कि झारखंड सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के तहत सर्पदंश से मृत्यु पर मिलने वाली सरकारी सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान Girilaal Kisku, अभिराम मुर्मू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
















