गोविंदपुर : धनबाद जिले के गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत मटियाला पंचायत के खेपनाडीह टोला में पिछले 10 वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। गांव के लोग आज भी बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित हैं और जर्जर सड़क के कारण हर दिन जोखिम भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि यहां चारपहिया वाहन या एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच सकती। किसी के बीमार पड़ने या गर्भवती महिला की तबीयत खराब होने पर उन्हें खटिया (चारपाई) पर लादकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।
सड़क निर्माण में विभागीय अड़ंगा का आरोप
माचामहुल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि Belal Ansari और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे मुखिया फंड से सड़क बनवाना चाहते हैं, लेकिन नहर विभाग इसके निर्माण में बाधा डाल रहा है। विभाग का कहना है कि जमीन उनकी है और सड़क वही बनाएंगे, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 10 वर्षों से विभाग ने कोई काम नहीं किया।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी नहर आज बेकार साबित हो रही है। नहर में पानी नहीं रहने से किसानों की फसल सूख रही है और सिंचाई की सुविधा भी नहीं मिल पा रही है।
प्रशासन से लगाई गुहार
मौके पर मौजूद पूर्व मुखिया Phoolchand Soren, सुखी मुनि मरांडी, बाबूलाल मरांडी, तुलसी प्रसाद मुर्मू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि विधायक, सांसद, एसडीओ और जिला प्रशासन तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
ग्रामीणों ने धनबाद उपायुक्त से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
















