धनबाद : जीजीसीईटी सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल, नावाडीह में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित दो दिवसीय Capacity Building Programme (CBP) कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय “अनुभवात्मक शिक्षा (Experiential Learning)” रहा, जिसमें शिक्षकों को आधुनिक और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में CBSE के रिसोर्स पर्सन के रूप में श्रीमती स्वागत बनर्जी और श्री सोमेन चटर्जी उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने PPT प्रस्तुतीकरण, गतिविधियों और सहभागितापूर्ण सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को “Learning by Doing” की अवधारणा समझाई।
कार्यशाला का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य इन्द्रनाथ सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर एवं पौधा भेंट कर किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षकों ने प्रसिद्ध शिक्षाविद डेविड कोल्ब के “Experiential Learning Cycle” को सरल तरीके से समझाते हुए बताया कि विद्यार्थी प्रत्यक्ष अनुभव, गतिविधियों और चिंतन के जरिए बेहतर ढंग से सीखते हैं। इस पद्धति से रटने की संस्कृति के बजाय सक्रिय सहभागिता और व्यवहारिक समझ को बढ़ावा मिलता है।
कार्यशाला में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई और शिक्षकों को नवाचारपूर्ण शिक्षण तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षा को अधिक प्रभावी, रोचक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह कार्यशाला अगले दिन भी विभिन्न गतिविधियों और सत्रों के साथ जारी रहेगी।
















