,

धनबाद में आधी रात को भीषण गैंगवार, कोयले के वर्चस्व को लेकर चलीं अंधाधुंध गोलियां, 3 घायल

JP Bharat Shareधनबाद : झारखंड के धनबाद में कोयले के अवैध कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान में बुधवार देर रात दो गुटों के बीच भीषण गैंगवार हुआ। इस दौरान दोनों ओर से अंधाधुंध गोलीबारी की गई, जिसमें तीन लोग…

JP Bharat Share

धनबाद : झारखंड के धनबाद में कोयले के अवैध कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान में बुधवार देर रात दो गुटों के बीच भीषण गैंगवार हुआ। इस दौरान दोनों ओर से अंधाधुंध गोलीबारी की गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। बताया जा रहा है कि एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार कुछ हथियारबंद अपराधी छाताबाद मैदान की ओर पहुंचे और कैलूडीह मस्जिद भवन के समीप अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद दूसरे गुट ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों ओर से दर्जनों राउंड गोलियां चलने लगीं, जिससे पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा।

रात के सन्नाटे में हुई इस गैंगवार से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर के कारण अपने-अपने घरों में दुबक गए। इस हिंसक झड़प में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में मो. तौसिफ और नीतीश कुमार यादव शामिल हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी घायल बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अजीत कुमार विमल, प्रवीण कुमार और मो. रुस्तम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आसपास के कई थानों की पुलिस को भी बुलाया गया। फिलहाल कैलूडीह और छाताबाद इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है तथा इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस की टीम घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। मामले की गहन जांच की जा रही है और गैंगवार में शामिल अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed