, ,

पहले पिलाई शराब, फिर चापड़ से की हत्या; कपाली पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

JP Bharat Shareसरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी क्षेत्र में 15 मई को हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले युवक को शराब पिलाई और फिर योजनाबद्ध तरीके से चापड़ से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने…

JP Bharat Share

सरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी क्षेत्र में 15 मई को हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले युवक को शराब पिलाई और फिर योजनाबद्ध तरीके से चापड़ से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद किया है।

मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी 21 वर्षीय मो. तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी। उसका शव कपाली के डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट के पास बरामद किया गया था। शव पर धारदार हथियार से कई वार के निशान मिले थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी अहमद जलील अंसारी, जो जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है, ने तौसीफ को अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले से ही हत्या की साजिश रच रखी थी। शराब पीने के दौरान उसने अपने साथी साबिर अली उर्फ सोनू को फोन कर मौके पर बुलाया और साथ में चापड़ लाने को कहा। इसके बाद दोनों ने मिलकर तौसीफ पर चापड़ से कई वार किए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल दूसरा आरोपी साबिर अली उर्फ सोनू पहले से ही एक अन्य मामले में जेल में बंद है। उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी अहमद जलील अंसारी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने के उद्देश्य से कपाली पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी का क्षेत्र में पैदल मार्च भी कराया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports