धनबाद के भौरा ओपी क्षेत्र स्थित काली मेला दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास मिले युवक के हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड कथित तौर पर त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ था। मामले में मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को भौरा ओपी क्षेत्र के काली मेला दामोदर नदी किनारे स्थित श्मशान घाट के पास एक युवक का गला रेतकर हत्या किया हुआ शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान बोर्रागढ़ होरलाडीह निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई। घटना के बाद अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले के उद्भेदन के लिए सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम में भौरा, झरिया, बोर्रागढ़, अलकडीहा, पाथरडीह और तिसरा थाना पुलिस के साथ सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझा ली।
जांच में सामने आया कि मृतक का संबंध कोमल वर्णवाल से था। पुलिस का आरोप है कि कोमल वर्णवाल और उसके होने वाले पति रोशन कुमार ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इसी साजिश के तहत दिलशाद अंसारी की हत्या की गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में 21 वर्षीय कोमल वर्णवाल, निवासी कोईरी बांध, झरिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून लगा चाकू, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर इस हत्याकांड का सफल उद्भेदन किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
















