धनबाद | संवाददाता
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए धनबाद को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। सदर अस्पताल धनबाद ने पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के लिए केंद्र की काउंसलर रानी प्रसाद को सम्मानित किया गया।
सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने रानी प्रसाद को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल की इस उपलब्धि से धनबाद को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि किशोर-किशोरियों की सहायता के लिए संचालित यह केंद्र युवाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का ही परिणाम है कि झारखंड में धनबाद को पहला और देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने इसे स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
सम्मान प्राप्त करने के बाद रानी प्रसाद ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे स्वास्थ्य विभाग की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था के दौरान बच्चों में शारीरिक, मानसिक और हार्मोनल बदलाव आते हैं। इस उम्र में कई तरह की जिज्ञासाएं और सवाल भी होते हैं। केंद्र का प्रयास रहता है कि किशोर-किशोरियों को सही मार्गदर्शन मिले, उनके मन में मौजूद भ्रम दूर हों और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सके।
उन्होंने इस सम्मान के लिए उपायुक्त, एसएसपी, सिविल सर्जन, उपाधीक्षक और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
















