धनबाद |
धनबाद पुलिस ने झरिया के भौरा ओपी क्षेत्र स्थित दामोदर नदी किनारे मिले युवक के हत्या मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी। मामले में मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके होने वाले पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
31 मई 2026 को भौरा ओपी क्षेत्र के काली मेला स्थित दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास एक युवक का गला रेतकर हत्या किया हुआ शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई, जो बोर्रागढ़ होरलाडीह का निवासी था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दिलशाद अंसारी का प्रेम संबंध झरिया निवासी कोमल वर्णवाल से था। इसी बीच कोमल का विवाह रोशन कुमार के साथ तय हो गया। पुलिस के अनुसार दिलशाद दोनों के रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसके बाद कोमल और उसके होने वाले पति रोशन कुमार ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत दिलशाद को सुनसान इलाके में बुलाया गया, जहां धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को श्मशान घाट के समीप फेंक दिया गया, ताकि पहचान और जांच को भटकाया जा सके।
पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता कोमल वर्णवाल को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
सिंदरी के एसडीपीओ प्रकाशचंद्र महतो ने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर इस जघन्य हत्याकांड का सफल खुलासा किया गया है। मामले में फरार आरोपी रोशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















