धनबाद: धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में महिला से पर्स छीनकर भाग रहे दो झपटमारों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया पर्स, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
मंगलवार को मामले की जानकारी देते हुए प्रकाश सोय ने बताया कि 8 जून 2026 की शाम करीब 4:40 बजे सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार को सूचना मिली कि बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक एक महिला का पर्स छीनकर फरार हो रहे हैं।
पीड़िता जोशना देवी राजगंज थाना क्षेत्र के बगदाहा गांव की रहने वाली हैं। वह अपने ससुराल से राजगंज लौट रही थीं, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उनका लेडीज पर्स झपट लिया और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने गश्ती पदाधिकारी सब इंस्पेक्टर रजनीश कुमार को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी करते हुए आरोपियों का पीछा शुरू किया। बलियापुर जाने वाली सड़क के पास पीड़िता ने दोनों युवकों की पहचान कर ली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी और तेज कर दी।
भागने के दौरान सामने पुलिस पेट्रोलिंग वाहन देखकर दोनों आरोपी घबरा गए। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने मौके का फायदा उठाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण कुमार वर्मा (22) तथा चंदू कुमार विश्वकर्मा (21) के रूप में हुई है। दोनों बलियापुर थाना क्षेत्र के बेलगड़िया गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर एनएस-125 मोटरसाइकिल, पीड़िता का लाल रंग का लेडीज पर्स, पर्स में रखे 4,500 रुपये नकद और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















