रांची: झारखंडवासियों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। राजधानी रांची समेत 14 जिलों में आंधी, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है। विशेष रूप से संताल परगना के सभी छह जिलों के अलावा धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची और खूंटी जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। अन्य जिलों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि गुरुवार से अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। इस दौरान आंधी, बारिश और वज्रपात की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार से पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों तक एक निम्न दबाव का ट्रफ बना हुआ है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसी वजह से झारखंड में मौसम तेजी से बदलने की संभावना बनी हुई है।
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद पलामू सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।
4-5 दिनों में झारखंड पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आंधी और बारिश के इस दौर के बाद अगले चार से पांच दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड में प्रवेश कर सकता है। विभाग के अनुसार मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं और यह जल्द ही बिहार, झारखंड तथा ओडिशा के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है।
यदि पूर्वानुमान सही साबित हुआ तो झारखंड में लंबे समय से पड़ रही गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा।
















