सिंदरी: सिंदरी क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट के बीच स्थानीय लोगों को राहत दिलाने के लिए सिंदरी विधायक चन्द्रदेव महतो ने महत्वपूर्ण पहल की है। दामोदर नदी में जलस्तर कम होने के कारण इंटकवेल तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे नल-जल योजना की जलापूर्ति प्रभावित हो गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने अपने निजी खर्च पर नदी में रेत खुदाई का कार्य शुरू कराया है।
जानकारी के अनुसार, दामोदर नदी में जलस्तर घटने से जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए विधायक चन्द्रदेव महतो ने स्वयं पहल करते हुए पोकलेन एवं जेसीबी मशीनों की सहायता से नदी में रेत खुदाई का कार्य प्रारंभ कराया।
इस कार्य का उद्देश्य इंटकवेल तक पानी की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि नल-जल योजना के तहत जलापूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से जलापूर्ति प्रभावित होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
विधायक चन्द्रदेव महतो ने कहा कि क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पेयजल जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की बाधा को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और जलापूर्ति बहाल होने तक स्थिति की लगातार निगरानी की जाएगी।
इस अभियान के दौरान विधायक प्रतिनिधि हीरालाल मोदक, प्रमुख प्रतिनिधि विजय रजक तथा चंदन भूमिहार भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और पेयजल संकट से राहत मिलेगी।
















