गोविंदपुर (धनबाद): धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के मचामहुल गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतका की पहचान 21 वर्षीय फुलटुसी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मटियाला पंचायत के मचामहुल गांव में बीती रात फुलटुसी देवी की अचानक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ जमकर विरोध जताया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
मृतका के चचेरे भाई अनिल महतो ने आरोप लगाया कि फुलटुसी देवी की शादी पिछले वर्ष मचामहुल निवासी काशी गोप के साथ हुई थी। शादी के समय उनकी हैसियत के अनुसार लगभग पांच लाख रुपये दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त पैसों की मांग कर रहा था।
परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर फुलटुसी देवी को प्रताड़ित किया जाता था और बीती रात साजिश के तहत उनकी हत्या कर दी गई। मृतका के परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
इधर गोविंदपुर थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
















