झरिया/धनबाद: झरिया के भौंरा निवासी ललन गुप्ता की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने पर धनबाद के मेयर संजीव सिंह उनके आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर बीमारी तथा उपचार से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
परिजनों ने बताया कि ललन गुप्ता पिछले कई दिनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। हाई शुगर के कारण उनके पैर की उंगलियां काटनी पड़ी हैं, जबकि दोनों पैरों में अत्यधिक सूजन होने से उनकी स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य होने के कारण बीमारी ने आर्थिक स्थिति पर भी गहरा असर डाला है और इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए कठिन होता जा रहा है।
स्थिति की जानकारी मिलने के बाद मेयर संजीव सिंह ने ललन गुप्ता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना उनकी प्राथमिकता है और इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मेयर ने कहा कि ललन गुप्ता की स्वास्थ्य स्थिति गंभीर है और परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। ऐसे में इलाज एवं चिकित्सा संबंधी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं।
मेयर की इस मानवीय पहल से परिजनों को बड़ी राहत मिली। परिवार के सदस्यों ने सहायता और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मेयर की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
















