धनबाद: फेडरेशन ऑफ धनबाद जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, यातायात सुधारने तथा अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रंगदारी मांगने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में ऋत्विक श्रीवास्तव, एस. मोहम्मद याकूब सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि धनबाद के प्रमुख इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यापक योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने व्यापारियों से भी अपने प्रतिष्ठानों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की, ताकि किसी घटना की स्थिति में अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिल सके।
उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक सिग्नल लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और इसके लिए टेंडर भी हो चुका है। जल्द ही कार्य शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही ऑटो और टोटो चालकों की लापरवाही तथा मनमानी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का माहौल बनाना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें, ताकि त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क जाम और ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए आम नागरिकों को भी यातायात नियमों का पालन करना होगा।
उन्होंने बताया कि चैन छिनतई जैसी घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और संगठित अपराध पर काफी हद तक लगाम लगाई जा चुकी है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि यदि कोई रंगदारी की मांग करता है तो वे किसी भी परिस्थिति में पैसा न दें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने पार्किंग व्यवस्था, सड़क जाम, चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, साइबर अपराध पर नियंत्रण, नो-पार्किंग क्षेत्रों की सूची सार्वजनिक करने तथा ऑटो-टोटो चालकों की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग उठाई। इसके अलावा विनोद बिहारी महतो चौक के समीप पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी रखी गई।
व्यापारियों ने रात्री गश्ती को और मजबूत करने तथा व्यापारियों से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन की आवश्यकता पर बल दिया। विभिन्न 56 व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिले में पुलिस की सक्रियता के कारण अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और रंगदारी के मामलों में कमी आई है। इससे व्यापारियों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम में कृषि बाजार प्रांगण में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए इंस्पेक्टर कार्यालय खोलने की पहल पर भी व्यापारियों ने एसएसपी को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर अजीत बिमल, प्रकाश चंद्र महतो, कुमार विनोद, प्रकाश सोय, लिलेश्वर महतो, प्रदीप कुमार साव तथा रोहित कुमार साव सहित कई पुलिस अधिकारी, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित थे।
















