धनबाद: भूली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार 709 ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से टकरा गई। दुर्घटना में बिजली का पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी टूट गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
चालक के अनुसार, चलती गाड़ी का एक्सेल बॉल जॉइंट अचानक टूट जाने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्रक सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल मुड़ गया और बिजली के तार टूटकर नीचे गिर गए।
हादसे के बाद भूली क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई। पोल और तार क्षतिग्रस्त होने के कारण मंगलवार रात से ही कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने भूली थाना और बिजली विभाग को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के फोरमैन Vinod Kumar ने बताया कि पोल और बिजली लाइन को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है।
उन्होंने कहा कि विभाग की टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। क्षतिग्रस्त पोल को बदलने और बिजली लाइन को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। विभाग का प्रयास है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाए।
फिलहाल घटनास्थल पर मरम्मत कार्य जारी है। बिजली विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और टूटे हुए बिजली तारों से दूर रहने की अपील की है।
















