धनबाद: झारखंड शिक्षा परियोजना, धनबाद की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी Aditya Ranjan की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, संविदा कर्मियों के कल्याण तथा प्रशासनिक पारदर्शिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में संतोषजनक सेवा के आधार पर प्रखंड साधनसेवी (बीआरपी) एवं संकुल साधनसेवी (सीआरपी) के मानदेय में तीन प्रतिशत वार्षिक वृद्धि को मंजूरी दी गई। यह वृद्धि एक अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय (जेबीएवी) के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों के मानदेय में चार प्रतिशत वार्षिक वृद्धि की स्वीकृति दी गई, जो कार्य निष्पादन की समीक्षा के बाद लागू होगी।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के 24 जर्जर विद्यालय भवनों को चिन्हित किया गया है। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को निकटवर्ती सुरक्षित स्कूलों, सामुदायिक भवनों, पंचायत भवनों अथवा पैक्स भवनों में अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में शिक्षकों और कर्मियों के युक्तिकरण एवं स्थानांतरण पर भी चर्चा की गई। केलियासोल और एग्यारकुंड प्रखंडों में रिसोर्स शिक्षकों की कमी को देखते हुए पुनर्युक्तिकरण का निर्णय लिया गया। साथ ही केलियासोल में एमआईएस कोऑर्डिनेटर की कमी को दूर करने के लिए अन्य प्रखंड से स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय तथा केजीबीवी निरसा की वार्डन-सह-शिक्षिका अनिशा सिंह के स्थानांतरण समेत लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों और लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटरों के प्रशासनिक स्थानांतरण पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त Sunni Raj, Abhishek Jha, Ayush Kumar, Ram Narayan Khalkho, Sunita Tulsyan सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
















