धनबाद, 19 जून: भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित युवा संगम फेज-6 का समापन शुक्रवार को Indian Institute of Technology (ISM) Dhanbad के पेनमैन ऑडिटोरियम में भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। एक सप्ताह तक चले इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश से आए 56 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड की संस्कृति, परंपराओं, औद्योगिक विकास और शैक्षणिक उपलब्धियों को करीब से जाना।
समापन समारोह में Shekhar Chintamani Mande मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं A K Mishra विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में आईआईटी (आईएसएम) के कई वरिष्ठ शिक्षाविद, अधिकारी और छात्र भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में प्रो. मांडे ने कहा कि युवा संगम जैसे कार्यक्रम देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास यात्रा को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं प्रो. मिश्रा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं में व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
12 जून को धनबाद पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक स्वागत किया गया था। उद्घाटन समारोह में Jamuna Tudu को सम्मानित किया गया तथा झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली छऊ नृत्य प्रस्तुति ने प्रतिभागियों को आकर्षित किया।
अपने प्रवास के दौरान युवाओं ने Maithon Dam, Maa Kalyaneshwari Temple, Baidyanath Dham, Basukinath Temple, Bokaro Steel Plant, Raj Bhavan Ranchi, NIAMT, Birsa Munda Museum, Parasnath Hill तथा Topchanchi Dam समेत कई प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया।
इस दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, प्रशासनिक अधिकारियों और छात्रों के साथ संवाद कर झारखंड की विकास यात्रा, शिक्षा व्यवस्था, औद्योगिक प्रगति और नवाचार गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है। समापन समारोह में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए झारखंड में बिताए गए समय को यादगार बताया और सफल आयोजन के लिए आईआईटी (आईएसएम), आईआईटी इंदौर तथा शिक्षा मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया
















