धनबाद: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार को धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा हवाई अड्डे पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन, बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और नगर आयुक्त आशीष गंगवार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
राज्यपाल के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। बरवाअड्डा हवाई अड्डे से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) तक पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन दल को भी तैयार रखा गया था।
BBMKU के कार्यक्रम में हुए शामिल
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सड़क मार्ग से BBMKU परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। इस मौके पर ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बारंगे सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
















