धनबाद: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। परीक्षा के दौरान जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की संभावना को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्र परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है, जबकि परीक्षार्थियों को निर्धारित सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी में परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से भी सहयोग करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
















