पूर्वी टुंडी (धनबाद): अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में सामूहिक योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
योग शिविर की शुरुआत सामूहिक योग सत्र के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे महत्वपूर्ण प्राणायाम भी किए गए। पूरे परिसर में “करो योग, रहो निरोग” के नारों से सकारात्मक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में अंचल निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, प्रभारी बीपीआरओ प्रेम प्रकाश सोरेन एवं पंचायत सचिव सुधीर कुमार टुडू समेत प्रखंड और अंचल कार्यालय के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राजस्व उपनिरीक्षकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों तथा अन्य संविदा एवं दैनिक कर्मियों ने भी योगाभ्यास में सक्रिय भागीदारी निभाई।
योग सत्र के समापन पर अंचल निरीक्षक चंदन कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त दिनचर्या और कार्य के बढ़ते दबाव के बीच योग मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिदिन 20 से 30 मिनट योग के लिए निकाले जाएं तो कार्यक्षमता, एकाग्रता और निर्णय लेने की क्षमता में सकारात्मक सुधार देखा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अपने-अपने पंचायतों और गांवों में लोगों को योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
















