रांची: झारखंडवासियों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए राज्य में मौसम पूरी तरह अनुकूल हो गया है। फिलहाल मॉनसून की उत्तरी सीमा डालटनगंज से होकर गुजर रही है और अगले 3 से 4 दिनों में इसके झारखंड के शेष हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
26 और 27 जून को आंशिक बादल, बारिश और तेज हवा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 जून को राज्य के अधिकांश जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है, लेकिन वहां भी गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
28 जून से 2 जुलाई तक बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जून से 2 जुलाई के बीच राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात का सिलसिला जारी रहेगा। मॉनसून की सक्रियता बढ़ने से किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सामान्य से 61 प्रतिशत कम हुई बारिश
मॉनसून की रफ्तार बढ़ने के बावजूद इस वर्ष अब तक झारखंड में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 26 जून तक राज्य में सामान्य 149.8 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 59 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 61 प्रतिशत कम है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, वज्रपात के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
















