धनबाद: मुहर्रम के पावन अवसर पर धनबाद के पुराना बाज़ार में आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली। विभिन्न क्षेत्रों से आए अखाड़ों ने लाठी, तलवार और पारंपरिक युद्ध कौशल का अनुशासित एवं आकर्षक प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान शांति, अनुशासन और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स, पुराना बाज़ार की ओर से अतिथियों एवं अखाड़ा समितियों के स्वागत के लिए भव्य मंच तैयार किया गया था। मंच पर पहुंचे अतिथियों का हरे रंग का साफा पहनाकर सम्मान किया गया। वहीं जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए पेयजल एवं शर्बत की विशेष व्यवस्था की गई, जिसकी सभी ने सराहना की।
आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पाटलिपुत्र सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सहयोग से प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई। चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा एवं व्यवस्था संभालते नजर आए।
चैंबर ऑफ कॉमर्स, पुराना बाज़ार के अध्यक्ष सोहराब खान ने कहा कि धनबाद की पहचान हमेशा आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द से रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव को और मजबूत करते हैं तथा सभी समुदायों को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी कुंभ नाथ सिंह, कांग्रेस नेता रविन्द्र वर्मा, राजेश्वर सिंह यादव, सपन कश्यप, समाजसेवी दिलीप सिंह, अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार, बैंक मोड़ चैंबर के पूर्व अध्यक्ष प्रभात सिरोलिया, बैंक मोड़ थाना प्रभारी असित सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान बिना आग और पटाखों के सुरक्षित एवं अनुशासित प्रदर्शन करने वाले अखाड़ा दलों को सम्मानित भी किया गया। प्रथम पुरस्कार अखाड़ा नंबर-1 दरी मोहल्ला, द्वितीय पुरस्कार गजुआ टांड़ अखाड़ा कमिटी तथा तृतीय पुरस्कार एसटीसी कंपाउंड अखाड़ा कमिटी को प्रदान किया गया।
इसके अलावा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में उल्लेखनीय योगदान के लिए बैंक मोड़ थाना प्रभारी असित सिंह तथा धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली को “उत्कृष्ट सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चैंबर ऑफ कॉमर्स, पुराना बाज़ार के अध्यक्ष सोहराब खान, महासचिव पवन सोनी, संजय पांडेय, इमरान अली, विजय सैनी, नवनीत रिटोलिया, नितिन अग्रवाल, सलाउद्दीन महाजन, परवेज खान, सरदार नारायण सिंह, मोहम्मद तनवीर, दिनेश प्रसाद कुशवाहा, गोपाल प्रसाद, दीपक सिंह चौहान, सुरेंद्र साव सहित चैंबर के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि धनबाद की पहचान उसकी सामाजिक एकता, आपसी सम्मान और गंगा-जमुनी संस्कृति है।
















