झरिया (धनबाद): धनबाद जिले के झरिया में मुहर्रम के अवसर पर शनिवार को भव्य ताजिया जुलूस श्रद्धा, अनुशासन और आपसी भाईचारे के माहौल में निकाला गया। जुलूस में हजारों अकीदतमंद शामिल हुए और विभिन्न अखाड़ों के युवाओं ने पारंपरिक युद्धकला एवं साहसिक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया।
निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न अखाड़ों के ताजिया जुलूस जब शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचे तो आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे मार्ग में मातमी धुनों और धार्मिक नारों के बीच युवाओं ने लाठी, तलवार और लोहे की रॉड से पारंपरिक युद्धकला का शानदार प्रदर्शन किया। कुछ अखाड़ों के कलाकारों ने आग के बीच हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इन प्रदर्शनों को देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कलाकारों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।
मुहर्रम जुलूस को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। पूरे जुलूस मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन की लगातार निगरानी की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों के सहयोग और प्रशासन की मुस्तैदी के कारण मुहर्रम का जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। झरिया का यह आयोजन एक बार फिर गंगा-जमुनी तहज़ीब, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देता नजर आया।
















